धमतरी/नगर निगम द्वारा शहर में बढ़ते कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण के लिए हरियाणा की नैन फाउंडेशन को जिम्मा सौंपे जाने के बाद भी कार्य में बार-बार आ रही रुकावटों ने अब शहरवासियों में सवाल खड़े कर दिए हैं? 26 सितंबर को निगम प्रेस विज्ञप्ति में एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी बताते हुए जमा राशि पर कार्रवाई का नोटिस थमाया था। सूत्र अनुसार महज़ एक दो दिन तक दिखावे के तौर पर काम चला और फिर बंद हो गया।
अब 13 अक्टूबर को निगम की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि एजेंसी फिर से सक्रिय हो गई है और जल्द ही बधियाकरण कार्य शुरू होगा। निगम का दावा है कि कुत्तों को रखने के लिए विशेष जालीदार स्थल तैयार किया जा रहा है ताकि बधियाकरण के बाद उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी अधिकारी ने जानकारी दी कि सोमवार तक जाली सुधार का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा और मंगलवार या बुधवार से कुत्ते पकड़ने की प्रक्रिया पुनः आरंभ होगी।
हालांकि, बार-बार की देरी से नागरिकों में असंतोष भी देखा जा रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब काम का आदेश पहले ही जारी हो चुका था, तो बार-बार रोक क्यों?
अब देखना यह होगा कि क्या इस बार वास्तव में बधियाकरण कार्य धरातल पर उतरता है या फिर यह भी सिर्फ एक और “प्रेस विज्ञप्ति तक सीमित वादा” बनकर रह जाएगा। शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम का यह अभियान कब रफ्तार पकड़ता है, इस पर सबकी नज़रें टिकी हैं।



