धमतरी/नगर निगम धमतरी में 25 हजार रुपये के कथित लेनदेन के आरोपों ने जहां राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है, वहीं कर्मचारी वर्ग अब खुलकर अपने साथी के समर्थन में उतर आया है। नव नियुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ नगर निगम धमतरी ने गुरुवार को आयुक्त प्रिया गोयल को ज्ञापन सौंपते हुए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संघ ने अपने ज्ञापन में कहा कि संबंधित कर्मचारी पर लगाए गए आरोप निराधार और मनगढंत हैं। बिना किसी ठोस साक्ष्य के कर्मचारी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी कर्मचारी को केवल आरोपों के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यदि कोई शिकायत है, तो उसकी जांच नियमानुसार और निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए। उन्होंने आयुक्त से अनुरोध किया कि मामले में सत्यता की पड़ताल कर कर्मचारी को न्याय दिलाया जाए।

संघ का कहना है कि निगम के कर्मचारी ईमानदारी और निष्ठा से अपना कार्य करते हैं, लेकिन राजनीतिक कारणों से उन पर आरोप लगाना कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ने जैसा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक जांच में सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक किसी भी कर्मचारी की छवि को आंच नहीं आने दी जाएगी।
आयुक्त प्रिया गोयल ने ज्ञापन प्राप्त कर संघ के प्रतिनिधियों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होगा और आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए सभी पक्षों से जानकारी ली जाएगी।
नगर निगम के कर्मचारियों ने कहा कि वे आयुक्त के नेतृत्व पर भरोसा रखते हैं और उम्मीद करते हैं कि सत्य की जीत होगी। इस ज्ञापन के बाद निगम में कर्मचारी वर्ग में एकता और जोश का माहौल देखा गया।

